Monday, 19 November 2018


नवम्बर की बाल किलकारी में मेरी कहानी "इस बार जरा हट के दिवाली"

"दिवाली आने वाली हैI" चूँचूँ चूहे ने उदास होते हुए कहा
"क्या..अब हम क्या करेंगे?" हीरु तोता हरी मिर्च कुतरते हुए बोला
"कब है दिवाली?" मोती कुत्ते ने अपनी पिछली साल की जली हुई पूँछ को देखते हुए पूछा
"दस दिन बाद ही तो हैI" कालू कौवा घबराते हुए बोला
गुटरगूँ कबूतर धीरे से बोला-"पिछली बार तो पटाखों की आवाज़ से मैं और मेरे दोस्त इतना डर गए थे कि हड़बड़ाहट में एक बिजली के तार से टकरा गए थेI"
"हाँ...और तुम्हारे दोनों दोस्त करेंट लगने के कारण बच भी नहीं पाए थेI" कालू ने दुखी होते हुए कहा
नीलू गाय,मोंटू बन्दर के साथ साथ चुनमुन गिलहरी और पूसी बिल्ली भी दिवाली के अपने दुखभरे किस्से बताने लगीI
जहाँ शहर में सभी लोग दिवाली आने पर ख़ुशी से झूम उठते थे, वहीं दूसरी ओर सारे पशु पक्षी बहुत डर जाते थेI
ये सब जगमगाती दिवाली को तो बहुत पसँद करते थे पर पटाखों के नाम से थर्रा उठते थेI
बहुत देर तक एक दूसरे के साथ मिल बैठकर अपना दुःख बताने के बाद सबका मन थोड़ा हल्का हुआI
पर किसी के भी समझ नहीं आ रहा था कि आख़िर वे बच्चों को कैसे समझाए कि अगर वे उनकी तरह बोल कर उन्हें बता नहीं सकते तो क्या, चोट तो उन्हें भी लगती हैI
बहुत देर तक दिमाग लड़ाने के बाद नीलू गाय ने कुछ सोचते हुए कहा-"पर भला इंसान हमारी भाषा कैसे समझेंगे?"
"पर वे हमें इतना प्यार और दुलार भी तो करते हैI शायद वे समझ ही नहीं पाते कि वे हमें नुकसान पहुँचाने  के साथ साथ पर्यावरण को भी प्रदूषित कर रहे हैI" मोती पूँछ हिलाता हुआ बोला
"कोई तो उपाय निकालना होगाI हमें उन्हें उनकी गलती की ओर ध्यान दिलाना ही पड़ेगाI" चूँचूँ ने अपनी  महीन आवाज़ में कहा
"और क्या... कल ही मेरे मालिक कह रहे थे कि पिछली दिवाली पर उन्होंने पटाखें तो खूब जम कर फोड़े पर उसके धुएं से उनकी आँखें इतनी लाल हो गई थी कि महीने भर तक डॉक्टर से इलाज करवाना पड़ा थाI" नीलू  ने तुरंत  कहा
"दीपू साल भर तो मुझे कितना प्यार करता है, पर दिवाली के दिन दोस्तों के कहने पर मेरी पूँछ में मिर्ची बम की लड़ी बाँध देता हैI पता है जब वे तड़ातड़ फूटते चले जाते है तो मैं डर के मारे इधर-
 उधर  भागने लगता हूँ  और मुझे  कितनी सारी चोट भी लग  जाती  हैI" कहते हुए मोती की आँखों में आँसूं आ गएI
तभी मोती को दीपू आता दिखाई दियाI  उसके एक हाथ में पटाखों का थैला था और दूसरे हाथ में माचिस का पैकेट...
"अरे, ये तो फ़िर  से मेरी पूँछ में बाँधने के लिए ले आया हैI मेरा  तो मन कर रहा है अपनी पूँछ ही कटवा दूँI" मोती नीलू के पैरों के पास छुपता हुआ बोला
"तुम चिंता मत करो, अभी दो सींग मारती हूँ फिर दिवाली मनाने के लायक ही नहीं रहेगाI" नीलू गुस्से से बोली
"नहीं... नहीं, हमें किसी को भी चोट पहुँचाकर ये बात नहीं समझानी है बल्कि उन्हें उनकी गलती का एहसास दिलाते हुए बताना है कि दर्द तो सबको होता है चाहे वे इंसान हो या जानवरI" कालू ने गंभीर होते हुए कहा
"ठीक है हम सब मिलकर कुछ सोचते हैI" कहते हुए गुटरगूं अपनी  गर्दन दायें बायें हिलाने लगा
तभी कालू जोर से चिल्लाया-"आ गया आइडिया ...आ गया..."
"मैं तो पहले से ही जानता था कि तुम हम सबमें सबसे ज़्यादा  समझदार होI" चुनमुन ने खुश होते हुए  कहा
"हाँ...वो तो मैं हूँI" कालू अपनी तारीफ़ सुनकर मुस्कुराते  हुए बोला
सभी बड़े गौर से कालू की ओर देख रहे थे पर कालू मुस्कुराता ही जा रहा था
"फोटों खिंचवा रहे हो क्या?" नीलू ने गुस्से से कहा
"ओह्ह......कालू ने की चूँचूँ की तरफ़ देखते हुए कहा-"सुनो चूँचूँ, तुम  हम  सबकी  मदद  कर सकते हो  पर काम थोड़ा कठिन हैI"
"सच...मुझे हमेशा से हैरतअंगेज़ कारनामें करने में बड़ा मज़ा आता है और शायद तुम लोगों को पता ही नहीं है कि मैं जिस किताब की दूकान में रहता हूँ ना... मैं वहाँ भी बहादुरी की किताबें पढ़ता रहता हूँ और... " चूँचूँ ख़ुशी से उछलते हुए बोला 
"बस... बस... हम समझ गएI अब चुप हो जाओI" मोती गुर्राया
चूँचूँ डर के मारे सरपट दौड़ता हुआ तुरंत नीलू की पीठ पर चढ़ गयाI
"चूँचूँ, तुम्हारे किताबों की दुकान में क्या कोई ऐसी किताब भी है, जिसमें पटाखों से होने वाले नुकसान के बारें में बताया गया हो"?
"मैं शहर की सबसे बड़ी किताब की दुकान में रहता हूँI सब किताबें है वहाँ परI" चूँचूँ इतराते हुए बोला
"पर मोती तू मुझे मत देखI मुझे तेरे इन नुकीले दाँतों से बहुत डर लगता हैI डर के मारे कहीं मैं गिर ही ना जाऊँI" चूँचूँ  नीलू के सींग कसकर पकड़ते हुए बोला
मोती के साथ साथ सभी जोरों से हँस पड़ेI
हीरु बोला-"हम सब मिलकर आज वो किताब ढूँढ निकालेंगे और जब कल शाम को दीपू अपने दोस्तों के साथ रोज़ की तरह पार्क में खेलने आएगा तो वहीं पर रख देंगे?"
"क्या तुम्हें लगता है कि बच्चें किताब पढ़कर हमारा दर्द समझेंगे?" गुटरगूं ने धीरे से पूछा
इस बात का किसी के पास कोई जवाब नहीं था इसलिए सब चुपचाप बैठे रहेI
रात होने पर चूँचूँ ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कई किताबें ढूँढ निकाली जिनमें पटाखों से होने वाले प्रदूषण और जानवरों पर होने वाले दुष्प्रभावों के बारें में जानकारियाँ दी गई थीI
चूँचूँ जब आधी रात के करीब अपने दोस्तों के साथ किताबें लेकर बाहर निकला तो उसने नेल्लू, मोती के साथ साथ सभी दोस्तों को बैठा हुआ पायाI
चूँचूँ की आँखें भर आईI सभी दिवाली आने पर इतना घबराये हुए थे कि इतनी सर्दी में भी काँपते और ठिठुरते हुए भूखे प्यासे दुकान के बाहर ही बैठे थेI
चूँचूँ और उसके साथियों के हाथ में किताबें देखकर सब के चेहरे ख़ुशी से खिल उठेI
मोती बोला-"सारी किताबों के पार्क के पुराने वाले गेट के पास ही रख देते है, जहाँ कोई आता जाता नहीं है और सुबह वहीं से उठाकर बेंचों पर रख देंगेI"
"हाँ...अभी ही रख देते हैI छुट्टियों के कारण बच्चों के साथ साथ उनके मम्मी-डैडी भी आएँगे तो सब ही पढ़ लेंगेI"
"क्या ज़माना आ गया हैI मेरा जो दोस्त है ना जम्बो हाथी, वो बता रहा था कि सर्कस में उसे बहुत सारी चीज़ें सिखाई जाती है और यहाँ तो हमें ही इंसानों को अच्छी बातें सिखानी पड़ रही हैI" हीरु ने हँसते हुए कहा
उसकी बात सुनकर सभी मुस्कुरा उठे
अगली सुबह जैसे ही बच्चों के पार्क में आने का समय हुआ तो सभी ने मिलकर किताबें बच्चों पर रख दी और थोड़ी दूरी पर खड़े हो गएI
दीपू उछलते कूदते हुए अपने दोस्तों के साथ आया तो उसकी और उसके दोस्तों कि नज़र किताबों पर पड़ीI
"अरे, यहाँ ये किताबें कौन छोड़ गया?" कहते हुए दीपू ने पन्ने पलटने शुरू कियेI
पटाखों से होने वाले धुएँ और प्रदूषण से पशु पक्षियों को ठीक से दिखाई नहीं देता और वे ज़ख्मीं हो जाते हैI"मोनू ने एक किताब के पन्ने पलटते हुए कहा
डॉक्टरों के अनुसार 120 डिसिबल से अधिक की आवाज व्यक्ति को बहरा तक बना सकती हैI पटाखों की तेज आवाज ना केवल इंसानों के लिए बल्कि पशु -पक्षियों के लिए भी बेहद नुकसानदायक हैI बहुत सारे नन्हें पक्षी तो डर के कारण मर जाते हैI" रिंकू ने आश्चर्यचकित होते हुए कहा
"और कई पक्षी तो घबराहट के कारण  इधर उधर उड़ते हुए बिजली के तारों से करंट खाकर मर जाते हैI" संजय दुखी होते हुए बोला
"मैं अब पटाखें नहीं छुड़ाऊंगाI मैं हीरु को बहुत प्यार करता हूँI" मोनू रुआँसा होता हुआ बोला 
"पालतू जानवरों पर तो इसका असर साफ़ देखा जा सकता हैI  कई बार तो उनके फेफड़े ठीक से काम करना बंद कर देते हैI" दीपू कहते हुए बैंच पर बैठ गया
"क्या हुआ?" मोनू ने दीपू के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा
"अनजाने में ही सही पर हम सबने अपने मनोरंजन के आगे कभी कुछ नहीं सोचाI मैंने तो बेचारे मोती की पूँछ में पटाखे तक बाँध दिए थेI याद है एक बार वो डर के कारण इतना तेज दौड़ा कि गड्ढे में गिर पड़ा था कितने दिनों तक लंगड़ा कर चला थाI" कहते हुए दीपू भरभराकर रो पड़ाI
"रो मत दीपू, हम आज ही ये पटाखें वापस करके "ईको फ्रेंडली पटाखें" ले आएँगेI इन किताबों  में उनके बारें में भी लिखा हैI"
हाँ..और अपने बाकी दोस्तों को भी इस बारें में बता देते है ऐसी भी क्या दिवाली मनाना कि हम सब तरफ़ प्रदूषण फैला दे और बेचारे बेज़ुबान जानवरों को इतनी चोट पहुँचाएँI" सोनू उदास होते हुए बोला
"पर ये सब किताबें यहाँ लाया कौन है?" रिंकू ने कहा
"ये तो पता नहीं, पर हम इन्हें अपनी लाइब्रेरी में रख देते है ताकि सारे बच्चे पढ़ लेI" दीपू ने किताबें समेटते हुए कहा
सभी दोस्त किताब लेकर जैसे ही पार्क के बाहर निकले उन्हें मोती, हीरु के साथ साथ सभी जानवर बैठे दिखाई दिएI
दीपू मोती के पास जाकर उसके गले लग गया और उसके ऊपर प्यार से हाथ फेरते हुए बोला-"सॉरी मोतीI"  
मोती ने अपने दोस्तों की और देखा तो सभी मुस्कुरा उठेI
मोती की आँखों से दो आँसूं टपक गए, पर उसके सब दोस्त जानते थे कि ये उनके दोस्त के ख़ुशी के आँसूं हैI      
डॉ. मंजरी  शुक्ला


Tuesday, 18 September 2018

My story "The Carrot Thief" in August issue of Magic Pot
Meeku rabbit and Teetu porcupine were fast friends. They used to spend time and enjoy together. Meeku was fond of carrots and he had grown carrots all around his garden. One morning when Teetu went to meet Meeku, he found him sitting very sad in his garden. Teetu asked him, “Why are you looking so sad?”
Meeku pointed a finger towards corner of his garden, “Someone has stolen so many of my carrots.”
“Oh! Very bad. Who could have stolen the carrots?” Teetu was surprised.
“I worked very hard. It started with two but now someone has stolen ten carrots. I think I will lose all the carrots of my garden” Meeku was crying.
“You must lock the gate every night.” Teetu told Meeku.
“I lock the door every night but…” Meeku replied.
“I have an idea to help you.” Teetu told Meeku.
“Oh wow!” Meeku was feeling better.
Teetu told his idea to Meeku.
Both the friends planned for catching the thief. Late in the night when Meeku was sleeping, he heard someone crying loudly. He left his bedroom and came out and switched on the lights.
“You!!!!!!” Meeku was surprised when he saw his neighbour Cheeku crying in pain.
“I am sorry but will you please remove these quills. I did not expect that Teetu will be waiting for me at the gate.” Cheeku was weeping.
“Of course you should feel sorry about stealing Meeku’s carrots. Now you will have to face the punishment” Teetu was advising Cheeku.
“Yes…I am ready to face any punishment” Cheeku was feeling ashamed.
“You will have to help me in my gardening from tomorrow and of course you will enjoy carrot halwa with me every evening” Meeku patted Cheeku’s back.
Cheeku smiled and everyone burst out laughing.

Tuesday, 11 September 2018

राखी
"मम्मी, आप तो कह रही थी कि नई जगह पर मेरे बहुत सारे दोस्त बन जाएँगे पर अभी तक मेरा एक भी दोस्त नहीं बनाI" दीपा ने अपनी लाल रंग की गेंद उछालते हुए कहा
मम्मी दीपा की बात सुनकर मुस्कुरा दी ओर बोली-"अभी कुछ ही दिन ही तो हुए है हमें इस जगह पर आये हुए...
"मुझे पापा का ट्रांसफर होना बिलकुल भी अच्छा नहीं लगता है मेरे सारे दोस्त छूट जाते हैI" दीपा दुखी होते हुए बोली
"पर नई जगह घूमने से तुम्हें हर बार कुछ नया सीखने को मिलता हैI तुम्हारे नए दोस्त बनते है और पुराने दोस्त भी भला कहीं टूटती है, तुम तो अपने दोस्तों से फोन पर बातें करती रहती होI"
पापा बोले-"दो दिन बाद तो राखी है इसलिए तुम्हारे स्कूल में भी छुट्टी होगीI हम उस दिन पूरा शहर घूमकर आएंगेI"
राखी का नाम आते ही दीपा का चेहरा उतर गया और वह अपनी गेंद पकड़े हुए बाहर बगीचे मेँ चली गई
मम्मी जानती थी कि दीपा का कोई भाई नहीं होने के कारण हर राखी पर वह बहुत उदास हो जाया करती थीI
बगीचे मेँ माली काका पौधों को पानी देते हुए किसी गाने की धुन गुनगुना रहे थेI
दीपा को उनका गाना बहुत अच्छा लगा और वह उनके पास जाकर खड़ी हो गईI
माली काका उसे देखकर मुस्कुरा उठे और बोले-"देखो, यह कितना सुन्दर नीम का पेड़ है ना...जब यह नन्हा सा पौधा था तब लगाया था मैंने इसे और आज देखो, कितना बड़ा पेड़ बन गया हैI"
दीपा ने सर उठाकर देखाI ठंडी बहती हवा के साथ साथ नीम का पेड़ भी मानों झूम रहा थाI
दीपा बोली-"हामरी टीचर बता रही थी कि नीम का पेड़ बहुत ऊंचाई तक जा सकता है और इसके पत्ते, तना, बीज और यहाँ तक कि इसके फूल भी बहुत फायदा करते हैI"
माली काका के पोपले मुँह पर हँसी तैर गई और वह प्रशंसा भरे स्वर मेँ बोले-"अरे, वाह तुम तो बहुत समझदार लड़की होI तुम्हें तो सब पता हैI"
अपनी तारीफ़ सुनकर दीपा बहुत खुश हो गई पर अभी भी वह राखी वाली बात पर दुखी थी इसलिए चुपचाप खड़ी रहीI
माली काका बोले-"क्या तुम्हें यहाँ आकर अच्छा नहीं लग रहा?"
दीपा सकपका गई जैसे उसकी चोरी पकड़ी गई होI
वह नज़रें नीची करते हुए बोली-"मेरा कोई भाई नहीं है और हर राखी पर मुझे इस बात का बहुत दुःख होता हैI"
माली काका ने दीपा का चेहरा देखाI उसका रुआँसा चेहरा देखकर उनका मन भर आयाI
वह पानी के पाइप को क्यारी मेँ छोड़कर खड़े हो गए और दीपा के सिर पर प्यार से हाथ फेरते हुए बोले-"भाई का काम होता है बहन की रक्षा करना और तुमने ही तो अभी अभी कहा कि नीम का पेड़ हर तरह से हमारे काम आता हैI तो तुम उसी को अपना भाई क्यों नहीं बना लेती?"
दीपा माली काका की बात सुनकर आश्चर्यचकित रह गई और बोली-"भला पेड़ को भी कोई भाई बनाता है क्या?"
माली काका बोले-"अगर नहीं बनाता है तो उसे बनाना चाहिएI प्रकृति को जब हम अपने परिवार का सदस्य समझेंगे तो हमें कभी भी प्राकृतिक आपदाओं का सामना नहीं करना पड़ेगाI"
दीपा ने नीम की पेड़ की ओर देखा जो अभी भी हवा के साथ साथ झूम रहा थाI
तब तक वहाँ पर दो आदमी आयेI उनमें से एक आदमी आगे बढ़ा और माली काका से बोला-"तुमसे कहा था कि होली पर इस नीम को पेड़ को काट लेने दो, पर तुम नहीं मानेI अब इस होली पर हम जबरदस्ती इस पेड़ को काट कर ले जाएंगे आखिर हमें होलिका दहन भी तो करना हैI"
माली काका उस सूट बूट पहने आदमी की बात सुनकर डर गए और कुछ नहीं बोल पाएI
दीपा ने माली काका की ओर देखा जो उसे इस समय बेहद असहाय और दुखी नज़र आ रहे थेI
वे दोनों लोग जैसे ही गेट खोलकर जाने लगे,दीपा पीछे से चिल्लाई -"अंकल एक मिनट रुकिएI"
वे दोनों आदमी गेट के पास ही रुक गएI
दीपा नीम के पेड़ के तने पर हाथ रखते हुए बोली-"अंकल, यह सिर्फ नीम का पेड़ नहीं हैI यह मेरा भाई है और शायद आपको नहीं पता नहीं कि हरा भरा पेड़ काटने पर पुलिस पकड़ कर ले जाती हैI"
दीपा की बात सुनकर वे दोनों सन्न रह गए और माली काका को गुस्से से देखते हुए, तुरंत कार मेँ बैठकर चल दिएI
उनके जाने के बाद दीपा ने माली काका को देखा जो गले मेँ पड़े गमछे से अपने ख़ुशी के आँसूँ पोंछ रहे थेI
दीपा उनके पास आकर बोली-"अब मुझे यह शहर बहुत अच्छा लग रहा है माली काका, और आप भी बहुत अच्छे होI"
यह कहने के बाद दीपा दौड़ती हुई नीम के पेड़ के पास गई और उसे सहलाते हुए बोली-"और मेरा यह भाई भी बहुत अच्छा हैI"
नीम का पेड़ ख़ुशी से नाच उठा और लहराती हुई शाखाओं से, हवा में उड़ते हुए सफ़ेद छोटे–छोटे फूल आकर दीपा के ऊपर गिर पड़ेI
दीपा मुस्कुरा उठी और साथ ही उसके मम्मी पापा भी जो खिड़की पर खड़े दीपा को देख रहे थेI
.
(प्रकाशित)

Tuesday, 28 August 2018

नंदन के सितंबर अंक में मेरी कहानी "पीलू का बर्थडे"
अप्पू हाथी रोज़ की तरह अकेला बैठा थाI अब वह किसी के घर नहीं जाता था और चुपचाप अकेले ही बैठा रहता थाI क्योंकि अप्पू जब भी मस्ती मजाक के मूड में आता तो दौड़ने भागने में उसके भारी भरकम शरीर के नीचे दबकर बहुत सारे खिलौने टूट जाते थेI कुछ दिनों पहले ही वह पीलू हिरन के घर खेलने के लिए गया थाI पीलू के घर पर मोंटू बन्दर, बिन्नी बकरी, व्हाइटी बिल्ली और बनी भालू भी थाI
तभी पीलू ने अलमारी से बहुत सुन्दर वीडियो गेम निकला, जो उसके मामा सिंगापुर से लेकर आये थेI लाल और नीले रंग का वीडियो गेम रौशनी में चमचमा रहा थाI
सभी दोस्त उसको हाथ में लेकर कम से कम एक बार तो ज़रूर खेलना चाहते थे, पर पीलू ने बताया कि मम्मी ने अभी उसमें सैल नहीं डाले है और वह अभी मम्मी से सैल लेकर आएगा फ़िर सब मिलकर उससे खेलेंगेI
यह सुनकर उसके सभी दोस्त बहुत खुश हो गएI पीलू ने वीडियो गेम को उनके बीच में रखा और मम्मी को बुलाने के लिए कमरे से बाहर चला गयाI हँसी मज़ाक में अप्पू को ध्यान ही नहीं रहा कि वीडियो गेम ज़मीन पर रखा है और वह जैसे ही खड़ा हुआ उसका पैर वीडियो गेम पर पड़ गयाI कटाक की आवाज़ के साथ ही वीडियो गेम के कई टुकड़े हो गएI अप्पू यह देखकर बहुत घबरा गया और वह कुछ बोलता इसके पहले ही हाथ में सैल पकड़े पीलू कमरे में आ गयाI
अपने नए वीडियो गेम को टूटा देखकर उसने अप्पू से लड़ना शुरू कर दिया और फ़िर जोर-जोर से रोने लगाI पीलू को सभी दोस्तों के साथ-साथ उसकी मम्मी ने भी बहुत समझाने की कोशिश की पर पीलू ने अप्पू को घर से तुरँत निकल जाने के लिए कहाI पीलू के दोस्तों को वीडियो गेम टूटने का दुःख तो बहुत हुआ था पर बेचारे अप्पू को उसकी अनजाने में हुई गलती के लिए इतना डाँटा जाना बहुत बुरा लग रहा थाI अप्पू बार बार माफ़ी माँग रहा था पर पीलू ने उसे घर से निकाल कर ही दम लियाI
पीलू की मम्मी ने उसे डाँटते हुए कहा था-"वह तुमसे भी टूट सकता था और तुमने भी आज तक ढेर सारे खिलौने तोड़े हैI गलती तो किसी से भी हो सकती हैI"
पर पीलू बिना कोई जवाब दिए वापस अपने कमरे में चला गया था सभी दोस्तों का मन भी अब वहाँ रुकने का बिलकुल नहीं कर रहा था इसलिए वह सब भी अपने अपने घर चले गएI अप्पू बेचारा अब अकेले ही बैठा रहता था, अगर उसका कोई दोस्त उसे बुलाने भी आता तो वह मना कर देता थाI अप्पू बिलकुल भी नहीं चाहता था कि उसकी वजह से किसी का भी कोई नुकसान होI
अप्पू बैठा हुआ पीलू के बारे में सोच ही रहा था कि अचानक वहाँ से मोंटू बन्दर निकला और बोला-"अप्पू, तुम यहाँ अकेले बैठे क्या कर रहे होI पता है आज पीलू का जन्मदिन हैI"
अप्पू यह सुनकर धीरे से मुस्कुरा दिया
तभी मोंटू बोला-"पता है पीलू बहुत दुखी हैI उसने हम सबके लिए "रेन डाँस" का कार्यक्रम रखा था पर पता नहीं कैसे अब उसका यहाँ का फ़व्वारा ही नहीं चल रहाI"
"अरे, तो तुम कहाँ दौड़े चले जा रहे हो?" अप्पू ने पूछा
"मै तो जा रहा हूँ...टिंकू लोमड़ी को बुलाने के लिए, वह प्लम्बर है नाI"
"पर टिंकू तो तीन दिन के लिए बाहर गई हुई हैI उसने मुझे कल ही बताया थाI"
"ओह..बेचारा पीलू तो बहुत दुखी हो जायेगाI उसने तो रेन डाँस के लिए वहाँ पर रंगबिरंगे छाते, प्लास्टिक की बहुत सुन्दर मछलियाँ और बहुत बड़ा सा लाउडस्पीकर भी लाकर रखा है, ताकि हम सब खूब मस्ती कर सकेI"
अप्पू भी यह सुनकर दुखी हो गयाI
तभी मोंटू बोला-"अच्छा, मै अब चलता हूँI"
अप्पू कुछ कहे इसके पहले ही मोंटू उछलता कूदता हुआ वहाँ से चला गयाI
अप्पू कुछ देर सोचता रहा फ़िर वह भी पीलू के घर की ओर चल पड़ाI
जब अप्पू पीलू के घर पहुँचा तो उसके सभी दोस्त बाहर ही पीलू के साथ फ़व्वारे के पास मुँह लटकाये खड़े थेI
सभी दोस्त आश्चर्य से अप्पू को देखे जा रहे थे क्योंकि उन्हें लगा था की अप्पू पीलू से बहुत नाराज़ होगा और फ़िर पीलू ने उसे बुलाया भी नहीं थाI तभी अप्पू ने इशारे से मोंटू को अपने पास बुलाया और उसके कान में धीरे से कुछ कहा, जिसे सुनकर मोंटू बहुत खुश हो गया और वह दौड़ता हुआ गया और खूब तेज आवाज़ में म्यूज़िक चला दियाI कोई कुछ समझ पाता इसके पहले ही अप्पू ने फ़व्वारे के पास पड़े टैंक से सूंढ़ में पानी भरकर सबके ऊपर फेंकना शुरू कर दियाI पानी की ठंडी बौछारों में भीगकर ख़ुशी की मारे नाचने कूदने लगेI सभी दोस्त अब गाने के साथ साथ खूब उछल उछल कर नाच रहे थे और मस्ती कर रहे थेI
पीलू की आँखों में अप्पू की अच्छाई देखकर आँसूं आ गएI वह भीगी आँखों से अप्पू के पास आया तो अप्पू उसके ऊपर पानी फेंकता हुआ बोला-"हैप्पी बर्थडे"
"थैंक यू" कहते हुआ पीलू ने कसकर अप्पू को गले से लगा लियाI
डॉ. मंजरी शुक्ला