Tuesday, 28 August 2018

नंदन के सितंबर अंक में मेरी कहानी "पीलू का बर्थडे"
अप्पू हाथी रोज़ की तरह अकेला बैठा थाI अब वह किसी के घर नहीं जाता था और चुपचाप अकेले ही बैठा रहता थाI क्योंकि अप्पू जब भी मस्ती मजाक के मूड में आता तो दौड़ने भागने में उसके भारी भरकम शरीर के नीचे दबकर बहुत सारे खिलौने टूट जाते थेI कुछ दिनों पहले ही वह पीलू हिरन के घर खेलने के लिए गया थाI पीलू के घर पर मोंटू बन्दर, बिन्नी बकरी, व्हाइटी बिल्ली और बनी भालू भी थाI
तभी पीलू ने अलमारी से बहुत सुन्दर वीडियो गेम निकला, जो उसके मामा सिंगापुर से लेकर आये थेI लाल और नीले रंग का वीडियो गेम रौशनी में चमचमा रहा थाI
सभी दोस्त उसको हाथ में लेकर कम से कम एक बार तो ज़रूर खेलना चाहते थे, पर पीलू ने बताया कि मम्मी ने अभी उसमें सैल नहीं डाले है और वह अभी मम्मी से सैल लेकर आएगा फ़िर सब मिलकर उससे खेलेंगेI
यह सुनकर उसके सभी दोस्त बहुत खुश हो गएI पीलू ने वीडियो गेम को उनके बीच में रखा और मम्मी को बुलाने के लिए कमरे से बाहर चला गयाI हँसी मज़ाक में अप्पू को ध्यान ही नहीं रहा कि वीडियो गेम ज़मीन पर रखा है और वह जैसे ही खड़ा हुआ उसका पैर वीडियो गेम पर पड़ गयाI कटाक की आवाज़ के साथ ही वीडियो गेम के कई टुकड़े हो गएI अप्पू यह देखकर बहुत घबरा गया और वह कुछ बोलता इसके पहले ही हाथ में सैल पकड़े पीलू कमरे में आ गयाI
अपने नए वीडियो गेम को टूटा देखकर उसने अप्पू से लड़ना शुरू कर दिया और फ़िर जोर-जोर से रोने लगाI पीलू को सभी दोस्तों के साथ-साथ उसकी मम्मी ने भी बहुत समझाने की कोशिश की पर पीलू ने अप्पू को घर से तुरँत निकल जाने के लिए कहाI पीलू के दोस्तों को वीडियो गेम टूटने का दुःख तो बहुत हुआ था पर बेचारे अप्पू को उसकी अनजाने में हुई गलती के लिए इतना डाँटा जाना बहुत बुरा लग रहा थाI अप्पू बार बार माफ़ी माँग रहा था पर पीलू ने उसे घर से निकाल कर ही दम लियाI
पीलू की मम्मी ने उसे डाँटते हुए कहा था-"वह तुमसे भी टूट सकता था और तुमने भी आज तक ढेर सारे खिलौने तोड़े हैI गलती तो किसी से भी हो सकती हैI"
पर पीलू बिना कोई जवाब दिए वापस अपने कमरे में चला गया था सभी दोस्तों का मन भी अब वहाँ रुकने का बिलकुल नहीं कर रहा था इसलिए वह सब भी अपने अपने घर चले गएI अप्पू बेचारा अब अकेले ही बैठा रहता था, अगर उसका कोई दोस्त उसे बुलाने भी आता तो वह मना कर देता थाI अप्पू बिलकुल भी नहीं चाहता था कि उसकी वजह से किसी का भी कोई नुकसान होI
अप्पू बैठा हुआ पीलू के बारे में सोच ही रहा था कि अचानक वहाँ से मोंटू बन्दर निकला और बोला-"अप्पू, तुम यहाँ अकेले बैठे क्या कर रहे होI पता है आज पीलू का जन्मदिन हैI"
अप्पू यह सुनकर धीरे से मुस्कुरा दिया
तभी मोंटू बोला-"पता है पीलू बहुत दुखी हैI उसने हम सबके लिए "रेन डाँस" का कार्यक्रम रखा था पर पता नहीं कैसे अब उसका यहाँ का फ़व्वारा ही नहीं चल रहाI"
"अरे, तो तुम कहाँ दौड़े चले जा रहे हो?" अप्पू ने पूछा
"मै तो जा रहा हूँ...टिंकू लोमड़ी को बुलाने के लिए, वह प्लम्बर है नाI"
"पर टिंकू तो तीन दिन के लिए बाहर गई हुई हैI उसने मुझे कल ही बताया थाI"
"ओह..बेचारा पीलू तो बहुत दुखी हो जायेगाI उसने तो रेन डाँस के लिए वहाँ पर रंगबिरंगे छाते, प्लास्टिक की बहुत सुन्दर मछलियाँ और बहुत बड़ा सा लाउडस्पीकर भी लाकर रखा है, ताकि हम सब खूब मस्ती कर सकेI"
अप्पू भी यह सुनकर दुखी हो गयाI
तभी मोंटू बोला-"अच्छा, मै अब चलता हूँI"
अप्पू कुछ कहे इसके पहले ही मोंटू उछलता कूदता हुआ वहाँ से चला गयाI
अप्पू कुछ देर सोचता रहा फ़िर वह भी पीलू के घर की ओर चल पड़ाI
जब अप्पू पीलू के घर पहुँचा तो उसके सभी दोस्त बाहर ही पीलू के साथ फ़व्वारे के पास मुँह लटकाये खड़े थेI
सभी दोस्त आश्चर्य से अप्पू को देखे जा रहे थे क्योंकि उन्हें लगा था की अप्पू पीलू से बहुत नाराज़ होगा और फ़िर पीलू ने उसे बुलाया भी नहीं थाI तभी अप्पू ने इशारे से मोंटू को अपने पास बुलाया और उसके कान में धीरे से कुछ कहा, जिसे सुनकर मोंटू बहुत खुश हो गया और वह दौड़ता हुआ गया और खूब तेज आवाज़ में म्यूज़िक चला दियाI कोई कुछ समझ पाता इसके पहले ही अप्पू ने फ़व्वारे के पास पड़े टैंक से सूंढ़ में पानी भरकर सबके ऊपर फेंकना शुरू कर दियाI पानी की ठंडी बौछारों में भीगकर ख़ुशी की मारे नाचने कूदने लगेI सभी दोस्त अब गाने के साथ साथ खूब उछल उछल कर नाच रहे थे और मस्ती कर रहे थेI
पीलू की आँखों में अप्पू की अच्छाई देखकर आँसूं आ गएI वह भीगी आँखों से अप्पू के पास आया तो अप्पू उसके ऊपर पानी फेंकता हुआ बोला-"हैप्पी बर्थडे"
"थैंक यू" कहते हुआ पीलू ने कसकर अप्पू को गले से लगा लियाI
डॉ. मंजरी शुक्ला

Monday, 29 August 2016

चकमक चूहा

रोज की तरह चकमक चूहा आज फ़िर किसी को उल्लू बनाने का सोचकर मंद-मंद मुस्कुरा रहा था I वैसे तो सारा मोहल्ला चकमक की कारस्तानियों से भली भाँति वाकिफ़ था परन्तु चकमक की किस्मत बहुत बुलंद थी और इस वजह से उसे कहीं ना कहीं से अपना शिकार मिल ही जाता था I चकमक अपनी मूंछों पर ताव देता इधर उधर देख ही रहा था कि तभी वहाँ से एक छोटा सा बच्चा गुज़रा जिसके हाथ में ढेर सारे रंगबिरंगे गुब्बारे थे  I नीला, लाल, हरा, गुलाबी और सफ़ेद ..अरे वाह..मैं तो ये सारे गुब्बारे लूँगा और अपने घर में सजाऊँगा ..सोचता हुआ चकमक उस लड़के के पीछे चल दिया I जैसे ही वे पार्क पहुँचे, गुब्बारे वाले को देखकर वहाँ पर खेल रहे बच्चों की आँखों में चमक आ गई और वे अपने मम्मी पापा से गुब्बारे खरीदने के लिए जिद करने लगे I उनमें से कुछ बच्चों की तो ज़िद मान ली गई और वे अपने रंगबिरंगे गुब्बारों के साथ खेलने में व्यस्त हो गए पर कुछ बच्चों को डाँट- डपटकर चुप करा दिया गया इसलिए वे गुब्बारे वाले बच्चों को हसरत भरी निगाह से देखते रहे I उधर चकमक की नज़र पूरी तरह गुब्बारों की थैली पर थी जिसे वो उठाकर भाग जाना चाहता था ,पर उस लड़के ने थैली उसके डंडे में लटका रखी थी, इसलिए चकमक उसे खींचने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था  I तभी चकमक ने देखा कि उसके कई दोस्त पार्क में आराम से बैठकर बिस्कुट और वेफ़र्स  के टुकड़े कुतर रहे थे I चकमक को भी अब तक भूख लग आई थी I उसे ध्यान आया कि उस लड़के ने भी अब तक कुछ नहीं खाया था I वो सिर्फ़ खाने पीने वालों के खोमचों को एकटक देखकर थूक निगलता  और अपनी हथेली में बंद चंद सिक्कों को और भी मजबूती से पकड़ लेता था I
जब चकमक से भूख सहन नहीं हुई तो उसने अपने दोस्तों को  इशारे से अपने पास बुलाया I वे सभी एक से बढ़कर एक शैतान थे I चकमक को देखते ही धमा चौकड़ी मचाने के लिए फुर्ती से उसके पास पहुँच गए I चकमक बोला-" जरा सा बिस्कुट तो दो मुझे फिर तुम्हें अपना आज का प्लान बताऊंगा I "
चकमक से भी कहीं ज़्यादा शैतान बीबो चूहे की आँखें ख़ुशी से चमक उठी और उसने बिस्कुट का टुकड़ा चकमक की ओर बढ़ाते हुए पूछा-" हाँ, ये लो जल्दी से खाओ और आगे का प्लान बताओ I
चकमक  बिस्कुट का टुकड़ा कुतरते हुए धीरे से बोला- " इसकी गुब्बारों की थैली चुरानी हैं I मैं अपने बर्थडे पर पूरा घर गुब्बारों से सजाऊंगा I "
हाँ, फिर हम सब मिलकर गुब्बारे फोड़ेंगे ...नन्हा चूहा मिंकू उछलता हुआ बोला
पर ये यहाँ से हट ही नहीं रहा..चकमक कुछ गुस्से से उस लड़के की तरफ़ देखता हुआ बोला
अरे रुको, अभी हटेगा..कहते हुए टीटू चूहे ने लड़के के पैर के ऊपर छलांग लगाई, जिससे लड़का डर गया और उसका संतुलन बिगड़ने से गुब्बारों से सजा हुआ डंडा ज़मीन पर गिर पड़ा I
घास की गीली मिट्टी में वो जितना उठने की कोशिश करता उतना ही फिसलकर लोट जाता I
ये देखकर चकमक और उसके दोस्त जोर -जोर से हँसने लगे I
खैर किसी तरह से डंडे का सहारा लेकर वो लड़का खड़ा हुआ और गुब्बारों में लगी मिट्टी अपनी कमीज उतारकर पोंछने लगा I
बीबो उस लड़के की तरफ़ देखता हुआ बोला-"  ये लड़का कितना दुबला- पतला हैं ना, इसकी  एक-एक हड्डी पसली भी आसानी से गिनी जा सकती है I
मिंकू बोला-" लगता है ये हम लोगो की तरह खाता पीता नहीं रहता है I "
चकमक ने लड़के को गौर से देखा और सोचा कि वो तो सुबह से इस लड़के के साथ हैं और शाम होने के बावजूद भी कुछ ही गुब्बारे बिकने के कारण उस लड़के की हथेली में चंद पैसे ही आए थे शायद इसलिए उसने अब तक कुछ नहीं खाया था  I
तभी चकमक का दोस्त टीटू डर के मारे थरथराते  हुए बोला-" सामने मुंडेर पर बिल्ली ...और आगे की आवाज़ उसके हलक में ही घुट के रह गई I
गुब्बारों   के बारें   में सोचते  हुए उनमें से किसी का भी ध्यान सामने ही मुंडेर पर बैठी बिल्ली पर नहीं गया था I इसलिए जैसे ही चकमक और उसके दोस्तों की नज़र बिल्ली पर पड़ी  , उनके होश ही उड़ गए I
ना जाने कितनी देर से मोटी बिल्ली होंठो पर जीभ फेरते हुए उन पर अपनी नज़रें गड़ाए बैठी थी और सभी को ललचाई नज़रों से देख रही थी I
चकमक जानता था कि अब भागने से भी कोई फायदा नहीं क्योंकि वो उनके भागते ही वो किसी ना किसी को तो पकड़ कर चट कर ही जाएगी I
तभी उस लड़के की नज़र उन सभी पर पड़ी   और वो बड़े ही प्यार से बोला-" मेरे पास तो तुम्हें देने के लिए कुछ भी नहीं हैं...और ये कहता हुआ वो लड़का उनके पास बैठ गया और ज़मीन पर पड़ा चिप्स का टुकड़ा तोड़कर  उनके आगे डालने लगा I  और कोई दिन होता तो चिप्स के टुकड़े के लिए सब आपस में लड़ मरते पर  आज तो सभी  बिल्ली के डर के मारे काँप रहे थे किसी ने उस टुकड़े तरफ देखा तक नहीं I
तभी एक आदमी उस लड़के से गुब्बारा खरीदने आया और उसने नीले रंग का गुब्बारा लिया I वो लड़का उसे पैसे वापस करने के लिए अपने नन्ही हथेली में  पैसे गिनने लगा, तभी उस लड़के की नज़र मुंडेर पर बैठी बिल्ली पर पड़ी और उसने पैर के पास में ही पड़ा पत्थर  उठाकर बिल्ली की तरफ़ उछाला , जिससे बिल्ली डरकर भाग गई और चकमक और उसके दोस्तों की जान में जान आ गई I  इतनी देर में हाथ में नीले गुब्बारें पकड़े हुए उस आदमी ने इधर उधर देखा और किसी को भी अपनी और ना देखते हुए डंडे से गुब्बारे के पैकेट को खींच लिया I वो ये नहीं देख पाया था कि चकमक और उसके दोस्त गुस्से से उसकी चोरी  को देख रहे थे I जैसे ही वो पैकेट अपनी जेब में रखने को हुआ चकमक ने जोर से उसके पैर में काटा I दर्द से चीखते हुए गुब्बारे का पैकेट उस आदमी के हाथ से छूट गया I वो लड़का जब तक कुछ समझ पाता , वो आदमी वहाँ से चीखता चिल्लाता हुआ भाग गया I
उस लड़के ने अपना गुब्बारे का पैकेट उठाकर पोंछते हुए अपनी कमीज की पॉकेट में  रख लिया I
चकमक और उसके दोस्तों की आखों में भी शर्मिंदगी के भाव थे I चकमक अपने दोस्तों से बोला - " ये लड़का सुबह से शाम तक भूखे प्यासे रहकर मेहनत से काम कर रहा हैं और एक हम लोग हैं जो उस आदमी की तरह इसके गुब्बारे चोरी करना चाहते थे  I
हाँ..अब हम किसी को तंग नहीं करेंगे I " टीटू उसकी हाँ में हाँ मिलाता हुआ बोला 

शाम घिर आई थी और अँधेरा होने को था इसलिए वो लड़का वहाँ से चल दिया पर ये अँधेरा चकमक और उसके दोस्तों के लिए एक चमकीली सुबह लेकर आया था ....


नंदन के सितम्बर २०१६ अंक में प्रकाशित मेरी कहानी" चकमक चूहा"