Friday, 4 March 2016

जादुई बर्तन



आज भी इंटरवल के समय बच्चे जब खाना खाने के बाद अपनी बोतलों का आधा पानी फेंककर स्कूल के वाटर कूलर से पानी भर रहे थे तो बारह साल का राहुल पानी का दुरूपयोग देख कर बहुत दुखी हो रहा था I
रोज़ इंटरवल में ऐसा ही होता था I बच्चों की बोतल का पानी दोपहर तक सुबह जितना ठंडा नहीं रहता था इसलिए वे बोतल का पानी वाटर कूलर के पास ही फेंककर ठंडा पानी भर लेते थे I
राहुल जिस मोहल्ले से आता था वहाँ पर पानी की हर दूसरे दिन किल्लत मची रहती थी और सब लोग पैसे मिलाकर वाटर टेंकर मँगवाते  थे और एक-एक बाल्टी पानी के लिए लम्बी लाईन लगती थी I
सबसे दुःख की बात ये थी कि टैंकर का पानी भी बहुत गन्दा होता था , पर मजबूरीवश जैसे तैसे उसी पानी से काम  चलाना पड़ता था इसलिए उसे छानकर और उसमें फ़िटकरी डालकर सभी लोग उस पानी को स्वच्छ कर अपने उपयोग में लाते थे I
राहुल ने कई बार अपने दोस्तों को समझाने की कोशिश करी पर वे उसे कंजूस कंजूस कहकर चिढ़ाने लगे I
एक दिन राहुल क्लास टीचर से जाकर बोला-" सर, सभी छात्र अपनी बोतलों का पानी जमीन पर फेंक देते है जिससे पानी की बहुत बर्बादी होती है I "
क्लास टीचर ने उसकी बात को समझा और कहा-" ठीक है, मैं क्लास के बच्चों को समझाऊँगा I
उस दिन वर्मा सर ने पानी के महत्व के बारें में बच्चों को समझाया जिससे कुछ बच्चों ने पानी फेंकना बंद कर दिया पर कुछ लापरवाह बच्चों ने वर्मा सर की बातों की भी परवाह नहीं की I
वर्मा सर ने राहुल के कहने के बाद जब गौर करना शुरू किया तो उन्हें भी पानी की इतनी बर्बादी देखकर बहुत दुःख हुआ I
उन्होंने राहुल के साथ मिलकर बच्चों को सुधारने की एक और कोशिश करनी चाही I
राहुल ने वर्मा सर को एक आईडिया दिया जिससे वर्मा सर की आँखें ख़ुशी से चमक उठी और उन्होंने राहुल को गले से लगा लिया I
दूसरे ही  दिन प्रिंसिपल सर से कहकर वर्मा सर ने वाटर कूलर के पास एक काले रंग का बहुत बड़ा बर्तन रखवा दिया और बच्चों से पूछा -" क्या तुम्हें लगता नहीं है कि ये बर्तन थोड़ा सा अजीब है I
सभी बच्चों ने तुरंत उस काले रंग के बर्तन को देखा और उन्हें उसमें कई आकृतियाँ बनी दिखाई दी I
सर, इसमें तो सुनहरे रंग की एक परी बनी है..एक बच्चा बोला
हाँ..इसमें तो चमकीले रंग की नीली नदी भी है..दूसरा तपाक से आगे आकर बोला
बस फिर क्या था..बच्चे मस्ती के मूड में आ गए और बहुत  देर तक उस बर्तन के रंग, रूप और उस पर बनी आकृतियों के बारें में बताने लगे
कोई बर्तन में मोर ढूंढ रहा था तो कोई उसमें से खूंखार शेर को देख अचरज कर रहा था
थोड़ी देर बाद सबकी बात सुनने के बाद प्रिंसिपल सर बोले-" अब मैं तुमको इस बर्तन की वो खासियत बताता हूँ , जो तुममें से किसी को भी नहीं पता है
सभी बच्चों की आखें सर के चेहरे पर टिक गई और थोड़ी देर पहले का कोलाहल बिलकुल शाँत हो गया
चारों और पिनड्रॉप साइलेंस हो गया था I बच्चें दम साधे प्रिंसिपल सर के बोलने का इंतज़ार कर रहे थे
सर ने मुस्कुरा कर सभी बच्चों की तरफ देखा और बोले-" जिससे मैंने ये बर्तन खरीदा हैं, उसने मुझे बताया है कि ये बर्तन जादुई है I
जादुई..सभी बच्चों के मुंह से एक साथ निकला
हाँ..जादुई .. इस बर्तन में कितना भी पानी डाला जाए , ये बर्तन कभी नहीं भरता I
सभी बच्चें आश्चर्य से एक दूसरे का मुँह देखने लगे और असेंबली में खुसुर पुसुर शुरू हो गई
शाँत शाँत..प्रिंसिपल सर हँसते हुए बोले-" अब कल से पूरा इस स्कूल जादू के इस खेल को खेलेगा ..जो पानी तुम लोग जमीन पर फेंकते हो वो इस बर्तन में डालना और देखना कि ये बर्तन कभी भरेगा ही नहीं..
हाँ..हाँ..सर हम आज से ऐसा ही करेंगे ..कहते हुए सभी बच्चों के चेहरों पर मुस्कान नाच रही थी
बस फिर क्या था सभी बच्चों के दिमाग में सिर्फ वो जादुई बर्तन नाच रहा था और सब बेसब्री से इन्टरवल का रास्ता देख रहे थे I
इन्टरवल  होते  ही  सबने  जल्दी  जल्दी  अपना  खाना  खत्म  किया  और भागे  वाटर  कूलर  से अपनी -अपनी  बोतलों  में ठंडा पानी भरने  के  लिए 
पर आज तो जैसे  चमत्कार  हो गया  था I जहाँ  रोज पानी की नदी बन जाती थी और सबको शाम तक छप - छप करके चलना पड़ता था वहीँ आज मैग्नीफाइंग ग्लास से भी अगर कोई देखता तो एक पानी की एक बूँद भी ज़मीन पर नज़र  नहीं  आती  I
सभी बच्चे उस जादुई में अपनी बोतलों का पानी डाल रहे थे कुछ शैतान बच्चे तो वाटर कूलर का पानी भी उस बर्तन में डाल रहे थे पर सच में वो बर्तन जादुई था , क्योंकि इतना सारा पानी डालने के बाद भी बर्तन खाली ही था I
इसी तरह से कई दिन बीत गए और बच्चे वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त हो गए पर पानी वो अब भी नियम से उस जादुई बर्तन में डालते और उसे कभी ना भरता देखकर दाँतों तले उँगलियाँ दबा लेते I
परीक्षाएँ शुरू होकर खत्म भी हो गई और बच्चे उत्सुकता से रिज़ल्ट वाले दिन की प्रतीक्षा करने लगे I
जिस दिन रिज़ल्ट मिलना था उस दिन सभी बच्चों को उनके मम्मी पापा के साथ स्कूल के पीछे खाली पड़े मैदान की तरफ़ भेजा गया I
सभी बच्चों के साथ साथ राहुल की क्लास के बच्चे भी उस बंजर और सूखे मैदान की और जाने से बहुत गुस्सा हो रहे थे I
पर सिर्फ राहुल था जो वर्मा सर की तरफ देखकर मुस्कुरा रहा था I
जैसे ही स्कूल के चौकीदार ने उस मैदान में जाने वाला स्कूल के पीछे का दरवाज़ा खोला ,सबकी  आखें आश्चर्य से फ़टी रह गई I सभी को ऐसा लग रहा था मानों वे स्वर्ग में आ गए हो I
जूही,मोगरा,गुलाब,चंपा,रजनीगंधा और अनेक रंगबिरंगे फूलों का संसार जैसे उस मैदान में उत्तर आया था I हरी,पीली,नीली गुलाबी और भी ना जाने कितने रंगों की तितलियाँ एक फूल से दूसरे फूल के ऊपर मंडरा रही थी I सुगन्धित फूलों को छूकर आते ठंडी हवा के झोंके ,बच्चों और उनके माता पिता को इस प्राकृतिक सुंदरता से अभिभूत करा रहे थे I तभी वहां पर प्रिंसिपल सर आए और बोले-" इतनी सारी रंगबिरंगी तितलियाँ,हरे भरे पेड़, चहचहाती चिड़िया और हज़ारों खूबसूरत फ़ूल मेरे इन प्रिया छात्रों के कारण ही आज यहाँ पर अपनी सुंदरता बिखेर रहे है I
बच्चों के मुंह से आश्चर्य से निकला -" हमारे कारण?
हाँ..याद है वो जादुई बर्तन..दरअसल तुम लोग पानी की बहुत बर्बादी  करते थे और बार बार समझाने पर भी नहीं मानते थे ,इसलिए राहुल ने ही हमें एक सुझाव दिया और आज नतीजा तुम्हारे सामने है
ये सुनते ही सब लोगो ने राहुल की तरफ देखा जो एक ओर खड़ा मुस्कुरा रहा था I
सबकी आखों में हैरत के भाव देखते हुए प्रिंसिपल सर मुस्कुराते हुए बोले-" दरअसल वो बर्तन जादुई नहीं था बल्कि राहुल के कहने पर हमने उसमें एक छोटा सा छेद कर दिया था और एक नली लगा दी थी जिसका पानी सीधे इस मैदान में आकर गिरता था I
इतवार वाले दिन राहुल खुद यहाँ आकर माली काका के साथ उनकी बागवानी में मदद करता  था और आज देखो..इस जैसा सुन्दर बगीचा पूरे शहर में कहीं  नहीं है

सभी छात्रों की आखों से ख़ुशी के आँसूं बह निकले I उनके माता पिता भी लज्जित थे जिन्होंने कभी बच्चों को पानी के महत्व के बारे में नहीं बताया पर आज इन महकते फूलों ने जैसे उन सबकी सोच को एक नई दिशा दे दी थी I सभी बच्चे और पैरेंट्स  राहुल को बधाई दे रहे थे और मन ही मन प्रतिज्ञा कर रहे थे कि अब वे कभी भी पानी को बर्बाद नहीं होने देंगे I
नंदन के फ़रवरी २०१६ अंक में प्रकाशित  

Saturday, 27 February 2016

रंगों की होली

एक तो परीक्षाओं की झंझट से मुक्ति और दूसरा उनका मनपसंद त्योहार होली ..बच्चों के तो ख़ुशी के मारे पैर ज़मीन पर ही नहीं पड़ रहे थे I होली के हुड़दंग और मस्ती के आगे जैसे उन्हें कुछ नज़र ही नहीं आ राह था I आशू, सोनी चीनू , मोनू,पिंकी, बिल्लू और अब्दुल के तो दिन और रात काटने मुश्किल हो रहे थे I सपने में गुलाल और बातों में ढेर सारे रंग, बस इनके अलावा उनके पास आजकल कुछ भी नहीं था I सभी बच्चे परीक्षा खत्म होने के बाद पुस्तकालय के पास बने अपने मोहल्ले के एकमात्र हेण्डपम्प के पास मिले और एक दूसरे को देखते ही ऐसे प्रसन्न हो गए मानों चाँद पर जाने की तैयारी हो रही हो I कुछ ही मिनट इधर उधर की बातें हुई होंगी और फिर शुरू हो गई होली की ढेर सारी बातें…
"इस बार तो हमें होली बहुत ही जोरदार मनानी है, पर कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करे?"
"हाँ.पर हमारे मोहल्ले वाले तो रंगों के नाम से ही ऐसे डर रहे है, जैसे किसी ने भूत देख लिया हो I"
वो भी क्या करे ..याद है शर्मा आंटी के हाथ इतनी बुरी तरह छिल गए थे रंग के कारण कि महीनों इलाज करना पड़ा था I"
और बेचारे वर्मा अंकल की तो आँख तो कई दिन तक लाल रही थी, इतने केमिकल मिले होते है इन  रंगों में I"
"इतनी तकलीफ़ झेलकर कौन खेलना चाहेगा होली ?" पिंकी उदास स्वर में बोली
" पर हमें तो ऐसी ही होली मनानी है,जिसमें सब रंगों से डरे बिना होली खेले I"
"हाँ, इसके लिए कुछ तरकीब तो लगानी ही होगी I"सोनी ने सभी की तरफ़ गौर से देखते हुए कहा
'चलो, हम सब मेरे दादाजी के पास चलते है I " बिल्लू उत्साहित होते हुए बोला
"क्यों भला, कहीं वो हमें होली खेलने से ही ना रोक दे I"
"नहीं नहीं, मेरे दादाजी तो तुम लोगो से भी छोटे बच्चे है I उन्हें तो इन सभी त्योहारों में बड़ा मजा आता है I"
"हाँ…हाँ..मुझे याद है I पिछली बार ईद पर तुम्हारे दादाजी ने अपनी सिवई खत्म करने करने के बाद मेरे हिस्से की भी चट कर डाली थी I"अब्दुल ने नाराज़ होते हुए कहा
हाहाहा  .....सभी बच्चे ये सुनकर जोरो से हँस पड़े 
उछलते कूदते कुछ ही  मिनटों वे सब बिल्लू के घर पहुँच गए जहाँ पर उसके दादाजी अपने दोस्तों के साथ बैठकर किसी बात पर हँसते हुए जोरो से ठहाका लगा रहे थे I उन सबको देखकर सभी बच्चों को बहुत अच्छा लगा I
आशू फुसफुसाकर बोला-" ऐसा लग रहा है जैसे सभी हमारी ही उम्र के हो I"  
"अरे भाई, ये शैतानों की टोली सुबह सुबह कहाँ से चली आ रही है I" दादाजी उनकी तरफ़ देखकर मुस्कुराते हुए बोले
"दादाजी, इस बार हम लोग ऐसी होली मनाना चाहते है जिससे किसी भी को कोई परेशानी ना हो और सभी इस त्यौहार का भरपूर मज़ा ले सके I "
"अरे वाह, हम सब भी हम इसी मुद्दे पर चर्चा कर रहे थे I" दादाजी के एक दोस्त बोले
"मेरा विचार है कि इस बार रंग हम सब खुद बनाएँगे I" दादाजी ने कहा
"अरे दादा जी, आप सोच भी नहीं सकते कि हम सब को रंग बनाने में कितना मजा आएगा I" आशु ने कहा ,पर उस के चेहरे से ख़ुशी छिपाए नहीं छिप रही थी
"अरे वाह, हम खुद रंग बनाएंगे मुझे तो विश्वास ही नहीं हो रहा है I" बिल्लू  खुशी के मारे दादाजी के गले लग गया
"पर हमें तो रंग बनाना आता ही नहीं है I"  अब्दुल ने थोड़ा सा परेशान होते हुए बोला
"तो क्या हुआ, हम सब है ना तुम्हारे साथ.. अरे,जब हम सब तुम्हारी उम्र के थे, तो भला कहाँ बाज़ार से रंग खरीदते थेI  हमारी भी तुम लोगों की तरह ही "शैतानों की टोली" थी I हम सब बहुत  मस्ती करते थे घूमते थे, हुड़दंग मचाते थे I एक दूसरे पर ढेर सारे रंग डालते थे पर सभी रंग प्राकृतिक तरीकों से बने हुए होते थे इसीलिए उनसे कभी किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचता था I"
"आप भी हमारी ही उम्र के थे !"  राजू ने उन सब की तरफ आश्चर्य से देखते हुए कहा तो कमरे में सम्मिलित स्वर में ठहाका गूंज उठा
"हाँ भई, हम सब तो ऐसे ही बूढ़े पैदा हो गए हैं I " दादा जी अपने दोस्तों की ओर देखते हुए जोर से हँसते हुए बोले
"अच्छा बच्चों , कल हम सभी यहाँ इसी समय फ़िर मिलेंगे और देखेंगे कि हम लोग कौन-कौन से रंग बनाते है I"
"अरे वाह, अब तो बड़ा मजा आएगा I"
बिल्लू खुशी से चिल्लाया और सभी बच्चे हँसते मुस्कुराते हुए वहाँ से रंगों के बारे में बातें करते हुए चल दिए
रात भर सभी हरे,पीले ओर भी ना जाने कितने रंगों से सराबोर होते रहे और  आँख खुलते ही बिल्लू के घर पहुँचने का इंतज़ार करने लगे I
बारह बजने के पहले ही सभी दोस्तों का जमघट बिल्लू के घर पर लग चुका था
तभी बिल्लू के दादाजी आते दिखाई दिए उनके हाथों में कई तरह के पैकेट थे I
सभी बच्चें उन्हें घेर कर खड़े हो गए
आशु पैकेट के अंदर झाँकने की कोशिश करने लगा
दादाजी मुस्कुराते हुए बोले-" पीला रंग कौन बनाएगा ?"
मैं... मैं... मैं ...और मैं भी ..कहते हुए सभी बच्चें ख़ुशी के मारे कूदने लगे
ये देखो पहले एक हल्दी लेकर इसे इस बड़े भगोने के पानी में मिलाना है
लो बच्चों, अब तुम सब थोड़ी -थोड़ी हल्दी और गेंदे के फूल की पत्तियाँ इस बर्तन मैं डालो
बच्चों के हल्दी और फूल डालने के बाद दादाजी बोले-" अब हम इस पानी को उबाल कर छानेंगे  और एक उबाल आने के बाद जब दादाजी ने भगोने को पलटा तो गाढ़ा पीला रंग तैयार था
"पर बच्चों उबालने काम तो मम्मी या पापा ही करेंगे , तुम लोग बिलकुल नहीं I"
"हाँ दादाजी, हम कभी भी किसी बड़े को लिए बिना गैस या स्टोव नहीं जलाते है I"
"हाँ..क्योंकि तुम सब बहुत ही समझदार और अच्छे बच्चे हो I"
बच्चों के चेहरे पर एक गर्व भरी मुस्कान तैर गई
अरे वाह..कितना प्यारा, कितना सुन्दर पीला रंग बना है
आशु के मुँह से निकला, सभी बच्चे पीले रंग को देखकर आश्चर्यचकित थे
"हाँ, अब ये देखो I"
"पर दादाजी, ये तो चुकंदर है I"चीनू चहकी
"अरे दादाजी, क्या हम सलाद भी बनाने वाले है I"
"अरे अभी देखो तो.."
"ये देखो, किसा  हुआ चुकंदर हम पानी में डाल देते है I"
और पल भर में भी भगोने का पानी सुर्ख लाल हो गया
लाल रंग..सभी बच्चें ख़ुशी से चिल्लाए
अब ये देखो ..कहते हुए दादाजी ने एक पतीले के ऊपर से ढक्कन हटाया
सभी बच्चों के आँखें ख़ुशी से चमक उठी
"दादाजी कितना सुन्दर चटख नारंगी रंग...." चीनू ताली बजाते हुए बोली
"हाँ, पर इसमें ये कौन से फूल पड़े है?" मोनू ने भगोने के अंदर देखते हुए कहा
बच्चों ,ये टेसू (पलाश) के फूल है I इन्हें रातभर पानी में भिगो कर रखने के बाद कितना खूबसूरत रंग बनकर तैयार हो गया I"
दादाजी, अब तो हमारे पास कितना सारा रंग तैयार हो गया और अब हम इसी तरह से रंग बनाएंगे ताकि सभी लोग इस बार बिना डरे होली खेल सके
हाँ बच्चों, तुम सभी लोगो को साथ में इन रंगों को बनाना भी सीखा देना, ताकि वे भी प्राकृतिक रंगों की होली खेल सके
हाँ दादाजी..कहते हुए सब ख़ुशी के मारे  दादाजी से लिपट गए और दादाजी की आँखों में ढेर सारे रंग बिखर गए जिसमें सभी बच्चें खूबसूरत रंगों में सराबोर होकर होली खेल रहे थे I


 मार्च २०१६ नंदन में प्रकाशित